ब्रायन बेनेट की तूफानी बल्लेबाजी; जिम्बाब्वे ने 104 रनों का लक्ष्य 14वें ओवर में ही किया हासिल

ओमान के खिलाफ मैच में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने बेहतरीन तालमेल दिखाया। 104 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत मजबूत रही। ओपनर ब्रायन बेनेट ने 36 गेंदों पर 48 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके शामिल थे। वहीं, तदिवानाशे मारुमनी ने 21 रनों का योगदान दिया। अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर 31 रन बनाकर रिटायर हर्ट हो गए। ओमान की ओर से सुफियान महमूद ने 2 विकेट लिए, लेकिन वे हार टालने में नाकाम रहे।
इससे पहले ओमान की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही और टीम 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। इस जीत ने ग्रुप बी के समीकरणों को रोमांचक बना दिया है, जहां जिम्बाब्वे अब टॉप पर है।
कोलंबो के ऐतिहासिक सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर ओमान को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। जिम्बाब्वे का यह फैसला सही साबित हुआ और ओमान की टीम 103 रनों पर सिमट गई। छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया और मैच को 39 गेंद शेष रहते ही जीत लिया।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11 इस प्रकार थी:
-
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमनी, डायोन मायर्स, ब्रेंडन टेलर (विकेटकीपर), सिकंदर रजा (कप्तान), रायन बर्ल, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी।
-
ओमान: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावले, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सूफियान महमूद, जितेन रामानंदी, नदीम खान, शाह फैसल और शकील अहमद।



