बेंगलुरु ने पंजाब को दी 23 रनों से मात, प्लेऑफ का टिकट कटाने वाली बनी सीजन की पहली टीम

आईपीएल के अंतर्गत रविवार को खेले गए पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 23 रनों से एक महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। धर्मशाला के मैदान पर खेले गए इस मैच में पंजाब ने टॉस जीतकर बेंगलुरु को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। बेंगलुरु के बल्लेबाजों ने निर्धारित 20 ओवरों में शानदार खेल दिखाते हुए 4 विकेट पर 222 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में रनों का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम लाख कोशिशों के बाद भी 8 विकेट खोकर 199 रन ही बना पाई। इस मुकाबले को जीतकर बेंगलुरु ने 18 अंकों के साथ मौजूदा सीजन के प्लेऑफ में क्वालीफाई करने वाली पहली टीम होने का गौरव प्राप्त किया, जबकि पंजाब किंग्स को इस सीजन में लगातार अपनी छठी शिकस्त झेलनी पड़ी।
पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी की शुरुआत बेहद खराब रही, जब उसके शुरुआती 3 बल्लेबाज केवल 19 रन के स्कोर तक पवेलियन लौट गए। इसके बाद कूपर कोनोली, मार्कस स्टोयनिस और शशांक सिंह ने टीम को संकट से निकालने का प्रयास किया और अंत तक संघर्ष जारी रखा, लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में 23 रन से चूक गए। पंजाब के लिए शशांक सिंह ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया और उन्होंने मात्र 27 गेंदों में 56 रनों की तेज पारी खेली।
बेंगलुरु की ओर से गेंदबाजी में रसिख सलाम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्ष के 3 बल्लेबाजों को आउट किया। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने मैच के शुरुआती दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर प्रतिद्वंदी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। इनके अलावा जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड ने भी 1-1 विकेट लेकर जीत में योगदान दिया।
टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज विराट कोहली ने 37 गेंदों पर 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली और देवदत्त पडिक्कल ने 25 गेंदों पर 45 रन बनाकर रन गति को तेज किया। इसके बाद वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 73 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि टिम डेविड ने अंत में 12 गेंदों में 28 रन जोड़कर टीम का कुल स्कोर 222 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
पंजाब की तरफ से हरप्रीत बरार ने अपने कोटे के 4 ओवरों में 35 रन खर्च करके 2 विकेट झटके, जबकि युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह को 1-1 विकेट प्राप्त हुआ। गौरतलब है कि इस मैच में नियमित कप्तान रजत पाटीदार के चोट के कारण बाहर होने की वजह से विकेटकीपर जितेश शर्मा बेंगलुरु टीम की कप्तानी कर रहे थे।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI इस प्रकार रही:
-
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: जितेश शर्मा (कप्तान और विकेटकीपर), जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा। (इम्पैक्ट प्लेयर: रसिख सलाम)
-
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, हरप्रीत बरार, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल। (इम्पैक्ट प्लेयर: मार्कस स्टोयनिस)



