IPL 2026: हैदराबाद के मैदान पर आज आरसीबी और सनराइजर्स के बीच महामुकाबला, नंबर-1 की कुर्सी बचाने उतरेगी बेंगलुरु

आईपीएल 2026 के लीग चरण के अंतिम दौर में शुक्रवार को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने होंगी। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में यह मैच शाम 7:30 बजे खेला जाएगा, जो दोनों टीमों के लिए प्लेऑफ के नजरिए से बेहद खास है। दोनों ही टीमों का मुख्य लक्ष्य पॉइंट्स टेबल के टॉप-2 में जगह बनाना है। बेंगलुरु 18 अंकों और +1.065 के सबसे शानदार नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर बनी हुई है। यदि बेंगलुरु आज का मैच जीत जाती है, तो तालिका में उसका पहला स्थान सुनिश्चित हो जाएगा, जिससे उसे फाइनल का टिकट कटाने के दो मौके मिलेंगे।
वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 13 मैचों में 16 अंक हासिल कर तीसरे पायदान पर है। हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के अंक भले ही बराबर हैं, लेकिन नेट रन रेट कम होने की वजह से हैदराबाद तीसरे स्थान पर है। गुजरात का नेट रन रेट +0.400 है, जबकि हैदराबाद का +0.350 है। इसलिए, शीर्ष दो में अपनी जगह बनाने के लिए हैदराबाद को आरसीबी के खिलाफ एक बड़ी जीत हासिल करनी होगी।
यह आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच 27वां मुकाबला होगा। इससे पहले खेले गए 26 मैचों में हैदराबाद ने 13 और बेंगलुरु ने 12 मैचों में बाजी मारी है, जबकि एक मैच का नतीजा टाई रहा था। मौजूदा सीजन में यह दोनों टीमों की दूसरी भिड़ंत है। पिछले मुकाबले में, जो 28 मार्च को बेंगलुरु में खेला गया था, आरसीबी ने हैदराबाद को 6 विकेट से पराजित किया था।
हालिया प्रदर्शन को देखते हुए आरसीबी की स्थिति थोड़ी मजबूत नजर आ रही है, क्योंकि हैदराबाद के प्रदर्शन में इस सीजन निरंतरता का अभाव रहा है। टीम ने लगातार पांच मैच जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया था, लेकिन अपने पिछले चार मैचों में से वह दो मुकाबले हार चुकी है। हैदराबाद के पास अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन के रूप में बेहद आक्रामक बल्लेबाजी क्रम मौजूद है, जो किसी भी गेंदबाजी को संकट में डाल सकता है। लेकिन बल्लेबाजों के प्रदर्शन में आए उतार-चढ़ाव ने टीम को नुकसान पहुंचाया है और पिछले कुछ मैचों में बल्लेबाजी की विफलता ही हार की वजह बनी। प्लेऑफ से पहले टीम इस समस्या से पार पाना चाहेगी। टीम की ओर से हेनरिक क्लासेन 155.80 के स्ट्राइक रेट के साथ 555 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर हैं।
गेंदबाजी मोर्चे पर हैदराबाद के लिए राहत की बात कप्तान पैट कमिंस की चोट से उबरकर वापसी करना है। उनके आने से टीम का गेंदबाजी संतुलन बेहतर हुआ है और कप्तानी में भी धार दिखी है। वहीं श्रीलंका के युवा तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा इस सीजन में टीम के लिए बड़े मैच-विनर बनकर उभरे हैं। उन्होंने मुश्किल ओवरों में रन रोकने के साथ-साथ नियमित अंतराल पर विकेट भी निकाले हैं। मलिंगा 17 विकेटों के साथ हैदराबाद के सबसे सफल गेंदबाज हैं।
हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। यहां की सपाट पिच और छोटी बाउंड्री के कारण बड़े स्कोर बनते हैं, जिससे दर्शकों को एक हाई-स्कोरिंग मैच देखने की उम्मीद रहती है। हालांकि, मैच के दौरान स्पिन गेंदबाजों को भी यहां पिच से मदद मिलती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-12 इस प्रकार है:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम, जोश हेजलवुड, जैकब डफी।
सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलिल अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे।



