राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया , क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से होगी भिड़ंत

राजस्थान रॉयल्स ने बुधवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों के अंतर से पराजित कर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। इस शानदार जीत के साथ राजस्थान की टीम ने खिताब की रेस में खुद को बनाए रखा है, जबकि पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद की टीम का अभियान अब खत्म हो चुका है।
इस मुकाबले के नतीजे के बाद अब राजस्थान की टीम 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में होने वाले क्वालीफायर-2 मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। जो भी टीम इस नॉकआउट मैच को जीतेगी, वह 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विरुद्ध इस सीजन का फाइनल मुकाबला खेलेगी।
मुकाबले की बात करें तो पहले बैटिंग के लिए आमंत्रित किए जाने पर राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 243 रनों का विशालकाय स्कोर बोर्ड पर टांग दिया था। इतने बड़े स्कोर का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी बिखर गई और टीम 19.2 ओवर में 196 रनों पर ही ढेर हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत निराशाजनक रही। जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में खतरनाक अभिषेक शर्मा को शून्य पर आउट कर राजस्थान को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद आर्चर ने सेट हो चुके ईशान किशन (33) और ट्रैविस हेड (17) को आउट करके हैदराबाद की रन गति और उम्मीदों दोनों को रोक दिया। मध्यक्रम में नीतीश रेड्डी (38 रन) और सलिल अरोड़ा (35 रन) ने विकेट पर टिकने की कोशिश की, लेकिन बढ़ते रन रेट के कारण टीम 19.2 ओवर में ऑलआउट हो गई।
गेंदबाजी मोर्चे पर राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 58 रन खर्च कर 3 विकेट अपने नाम किए। उनका अच्छा साथ निभाते हुए नांद्रे बर्गर, रवींद्र जडेजा और सुशांत मिश्रा ने आपस में 2-2 विकेट बांटे, जबकि यश पुंजा को भी 1 विकेट हासिल हुआ।
इससे पहले बल्लेबाजी के दौरान राजस्थान के युवा बल्लेबाजों ने मैदान के चारों तरफ शॉट खेले। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी ने महज 7.6 ओवर में 125 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की। सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों का सामना करते हुए 12 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 97 रनों की विस्फोटक पारी खेली। जायसवाल ने 29 रन का योगदान दिया। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए 21 गेंदों में 50 रन बनाए और कप्तान रियान पराग ने 12 गेंदों में 26 रन जोड़े। रवींद्र जडेजा 12 रन पर नाबाद रहे।
हैदराबाद के गेंदबाजों के लिए यह दिन भूलने जैसा रहा। प्रफुल हिंगे ने 4 ओवर में 54 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। ईशान मलिंगा, शिवांग कुमार और नीतीश रेड्डी को 1-1 सफलता तो मिली, लेकिन वे रनों पर अंकुश नहीं लगा पाए। कप्तान पैट कमिंस सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए, जिन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में बिना कोई विकेट लिए 64 रन दिए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11 (Match Playing-11)
-
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा, बृजेश शर्मा।
-
इम्पैक्ट ऑप्शन: सुशांत मिश्रा।
-
-
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल हिंगे।
-
इम्पैक्ट ऑप्शन: सलिल अरोड़ा।
-



