पद्म पुरस्कार 2026: रोहित शर्मा को मिला पद्मश्री, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खेल क्षेत्र की विभूतियों को किया पुरस्कृत

देश के प्रतिष्ठित खेल दिग्गजों को सम्मानित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार की शाम राष्ट्रपति भवन में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान रोहित शर्मा को पद्मश्री से विभूषित किया। यह सम्मान उन्हें पिछले बीस वर्षों से भारतीय क्रिकेट में दिए गए उनके विशिष्ट एवं अभूतपूर्व योगदान के लिए प्रदान किया गया है। रोहित शर्मा की ही कप्तानी में भारत ने हाल के वर्षों में टी20 विश्व कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के प्रतिष्ठित खिताबों पर कब्जा जमाया था।
समकालीन क्रिकेट के सबसे आक्रामक और सफल सलामी बल्लेबाजों में गिने जाने वाले रोहित शर्मा ने खेल के हर प्रारूप में अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने अपने सफर की शुरुआत एक मध्यक्रम के बल्लेबाज के तौर पर की थी, लेकिन साल 2013 में जब से उन्होंने पारी की शुरुआत (ओपनिंग) करनी शुरू की, तब से लेकर पिछले एक दशक में वे दुनिया के सबसे सफल और धाकड़ सलामी बल्लेबाज बनकर उभरे।
अगर उनके करियर के इतिहास पर नजर डालें, तो रोहित ने 23 जून 2007 को आयरलैंड के खिलाफ एकदिवसीय मैच खेलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। इस लिहाज से देखा जाए तो अपने डेब्यू के ठीक 19 वर्ष बाद उन्हें यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान हासिल हुआ है। वनडे के बाद उन्होंने 19 सितंबर 2007 को टी20 अंतरराष्ट्रीय और नवंबर 2013 में अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। हालांकि, वे अब टेस्ट और टी20 फॉर्मेट को अलविदा कह चुके हैं।
आंकड़ों की बात करें तो रोहित ने अब तक 67 टेस्ट मैचों में 12 शतकों की सहायता से 4,301 रन बनाए हैं। वहीं 285 एकदिवसीय मैचों में उनके बल्ले से 33 शतक और 62 अर्धशतक की बदौलत 11,720 रन निकले हैं। खेल के सबसे छोटे प्रारूप टी20 की बात करें तो 159 मैचों में उन्होंने 5 शतक और 32 अर्धशतक जमाते हुए कुल 4,231 रन अपने खाते में जोड़े हैं।
क्रिकेट की दुनिया में ‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित शर्मा के नाम कुछ ऐसे कीर्तिमान हैं जिन्हें तोड़ पाना बेहद मुश्किल है। उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक 653 छक्के जड़ने का विश्व रिकॉर्ड है। इसके साथ ही वे वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं, जिसमें उनका 264 रनों का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी शामिल है।
रोहित शर्मा को पूर्व कप्तान एमएस धोनी के बाद भारतीय क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे सफल कप्तान माना जाता है। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने एशिया कप की ट्रॉफी उठाई, टी20 विश्व कप 2024 जीता और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 पर भी अपना हक जताया। इसके अतिरिक्त साल 2023 के वनडे विश्व कप में भी भारतीय टीम उनकी कप्तानी में फाइनल तक पहुंची थी। इसी आयोजन में राष्ट्रपति ने पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण और महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पुनिया को भी पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया।



