एमसीएक्स पर सोना और चांदी मजबूत: शुरुआती कारोबार में 1% तक उछले दाम, डॉलर में नरमी से मिला समर्थन

कारोबारी हफ्ते के पहले दिन यानी सोमवार को घरेलू और वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं, सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। शुरुआती सत्र में ही दोनों धातुओं के दामों में करीब एक प्रतिशत का उछाल देखने को मिला। शेयर बाजार में वायदा कारोबार के दौरान सोने का 5 अगस्त, 2026 की एक्सपायरी वाला कॉन्ट्रैक्ट मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 1,43,575 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,43,106 रुपये था। सुबह 9:45 बजे तक सोना 907 रुपये (0.63 फीसदी) की बढ़त लेकर 1,44,013 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। अब तक के कारोबारी रुझान में सोने ने न्यूनतम 1,43,575 रुपये और अधिकतम 1,44,111 रुपये प्रति 10 ग्राम का दायरा छुआ है।
इसी तरह चांदी की वायदा कीमतों में भी जोरदार तेजी दर्ज की गई। एमसीएक्स पर 4 सितंबर, 2026 की डिलीवरी वाला चांदी का अनुबंध 2,23,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला, जो पिछली क्लोजिंग के 2,22,138 रुपये मुकाबले काफी ऊपर था। कारोबार के दौरान यह 2,066 रुपये या 0.93 प्रतिशत की मजबूती हासिल करते हुए 2,24,204 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। अब तक के सत्र में चांदी का निचला स्तर 2,23,500 रुपये और ऊपरी स्तर 2,24,632 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय सर्राफा बाजार में भी तेजी का रुख बना हुआ है। वैश्विक स्तर पर सोने का भाव 0.47 प्रतिशत चढ़कर 4,090 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 0.95 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज की गई।
कीमती धातुओं में आ रहे इस उछाल के पीछे डॉलर इंडेक्स का कमजोर होना एक बड़ा कारण है। अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव कम होने के बाद डॉलर सूचकांक में सुस्ती आई है, जो 0.25 फीसदी घटकर 101.03 के स्तर पर आ गया।
दूसरी ओर, मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक परिस्थितियां शांत होने का सीधा असर कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर पड़ा है, जहां भारी गिरावट देखने को मिली। बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 4.23 प्रतिशत की नरमी के साथ 87.80 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 4.80 प्रतिशत टूटकर 85.20 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार करता देखा गया।


