वैश्विक पर्यटन हब के रूप में भारत को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन मंत्रालय और इंडिगो के बीच समझौता

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और विमानन कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (इंडिगो) के बीच गुरुवार को नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस गैर-वित्तीय, गैर-अनन्य और रणनीतिक साझेदारी का मुख्य ध्येय देश को वैश्विक पटल पर एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना तथा घरेलू व अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करना है।
इस एमओयू का औपचारिक आदान-प्रदान केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार, अपर सचिव व महानिदेशक (पर्यटन) सुमन बिल्ला तथा संयुक्त सचिव हरिकिशोर एस सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एयरलाइन की ओर से इंडिगो के मुख्य डिजिटल एवं सूचना अधिकारी नीतन चोपड़ा, क्रिएटिव डायरेक्टर वी. सुनील और अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इस नए सहयोग के अंतर्गत दोनों पक्ष मिलकर ‘इन्क्रेडिबल इंडिया बाय इंडिगो’ नामक एक व्यापक वैश्विक संचार अभियान का आगाज करेंगे। इस मुहिम के जरिए भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक एवं वेलनेस पर्यटन, साहसिक गतिविधियों, वन्यजीव स्थलों तथा विविध अनुभवात्मक पर्यटन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।
अभियान का प्रसार डिजिटल व प्रिंट मीडिया, हवाई अड्डों पर ब्रांडिंग, इन-फ़्लाइट प्लेटफॉर्म्स, सोशल मीडिया नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रदर्शनियों के जरिए किया जाएगा। इस पूरी व्यवस्था में पर्यटन मंत्रालय ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ ब्रांड से जुड़ी आधिकारिक प्रचार सामग्री उपलब्ध कराएगा और विभिन्न गतिविधियों के समन्वय का जिम्मा संभालेगा।
एयरलाइन अपने नेटवर्क के माध्यम से विभिन्न पर्यटन क्षेत्रों पर केंद्रित विशेष सामग्री तैयार करेगी और अपने ग्राहक सहभागिता मंचों के जरिए देश के पर्यटन संदेशों का व्यापक प्रचार करेगी। इसके साथ ही, दोनों पक्ष परस्पर सहमति के आधार पर संयुक्त पर्यटन संवर्धन अभियानों और प्रमुख गंतव्यों के प्रचार में सहभागी बनेंगे, जिससे अंतरराष्ट्रीय व घरेलू बाजारों में भारत की पर्यटन पहचान मजबूत होगी।
साझेदारी पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह पहल ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ ब्रांड को इंडिगो के विस्तृत नेटवर्क से जोड़कर देश के पर्यटन प्रचार को एक नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि यह सहयोगात्मक कदम भारत के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएगा और वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर देश की स्थिति को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।
प्रारंभिक चरण में यह समझौता दो वर्षों की अवधि के लिए प्रभावी रहेगा। सरकार के अनुसार, यह एमओयू भारत की पर्यटन क्षमताओं का विस्तार करने, विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और देश को विश्व स्तर पर एक अग्रणी पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है।



