अमेरिका: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस और यूएस की 250वीं वर्षगांठ पर बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, फहराए गए 1300 से अधिक ध्वज

अमेरिका के न्यूयॉर्क त्रि-राज्यीय क्षेत्र (न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी और कनेक्टिकट) में शनिवार को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस और अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के संयुक्त उपलक्ष्य में एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया गया। न्यूजर्सी के पार्सिपनी स्थित वेटरन्स मेमोरियल पार्क में आयोजित इस समारोह में 1,300 से अधिक अमेरिकी झंडों की मदद से ‘250’ की आकृति उकेरी गई, जिसे चारों तरफ से भारतीय तिरंगों से सजाया गया था। इस अनूठी प्रस्तुति को ‘ध्वजदंडों से बनाई गई सबसे बड़ी संख्या’ (लार्जेस्ट फ्लैगपोल नंबर) के रूप में विश्व कीर्तिमान का दर्जा मिला।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन न्यूयॉर्क स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास और प्रमुख प्रवासी संगठन ‘फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन्स न्यूयॉर्क-न्यूजर्सी-न्यू इंग्लैंड’ (एफआईए) के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें भारतीय टेक कंपनी जोहो ने सहयोगी की भूमिका निभाई। आयोजकों ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि यह आयोजन भारत की आजादी के 80 वर्ष और अमेरिकी स्थापना के 250 वर्ष पूरे होने का एक गरिमामयी संगम था, जो भारत-अमेरिका के प्रगाढ़ रिश्तों और दोनों राष्ट्रों को निकट लाने में भारतीय प्रवासियों के योगदान को प्रदर्शित करता है।
शनिवार को संपन्न हुए इस भव्य आयोजन में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नागरिकों के साथ-साथ कई निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक जगत के प्रमुखों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभा को न्यूजर्सी के लेफ्टिनेंट गवर्नर डेल कैल्डवेल, अमेरिकी सांसद अनालिलिया मेजिया, भारत के महावाणिज्य दूत बिनय श्रीकांत प्रधान और पार्सिपनी के मेयर पुलकित देसाई ने संबोधित किया।
अपने संबोधन में भारतीय महावाणिज्य दूत बिनय श्रीकांत प्रधान ने भारत और अमेरिका के मध्य निरंतर सुदृढ़ होती साझेदारी पर बल दिया। उन्होंने आर्थिक, सांस्कृतिक और जन-जन के संपर्कों को गहरा करने में प्रवासी भारतीयों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर वक्ताओं ने रेखांकित किया कि यह गिनीज रिकॉर्ड दोनों लोकतांत्रिक देशों को जोड़ने वाले एक सेतु के रूप में भारतीय समुदाय की महत्ता को प्रमाणित करता है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर न्यूयॉर्क त्रि-राज्यीय क्षेत्र सहित पूरे अमेरिका में कई अन्य कार्यक्रमों की भी धूम रही। न्यूयॉर्क में भारतीय महावाणिज्य दूतावास और संयुक्त राष्ट्र स्थित भारत के स्थायी मिशन द्वारा अलग से ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए गए। इसके साथ ही एफआईए की ओर से प्रसिद्ध टाइम्स स्क्वायर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जहां भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और दोनों देशों की दीर्घकालिक साझेदारी पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
इस अवसर पर अमेरिका के विभिन्न राज्यों के गवर्नरों ने 15 अगस्त को अपने-अपने क्षेत्रों में आधिकारिक तौर पर ‘भारत दिवस’ के रूप में मान्यता देने की घोषणाएं जारी कीं। अमेरिकी सांसदों और स्थानीय प्रशासनों ने अमेरिका के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास में प्रवासी भारतीयों की भूमिका की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस ऐतिहासिक दिन के उपलक्ष्य में न्यूयॉर्क की प्रतिष्ठित ‘एम्पायर स्टेट बिल्डिंग’ और बोस्टन के ‘प्रूडेंशियल सेंटर’ जैसी विश्वविख्यात इमारतों को तिरंगे की रोशनी से जगमगाया गया।



