बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: 14 नक्सली ठिकाने ध्वस्त, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने सघन नक्सल विरोधी अभियान के दौरान माओवादियों के 14 गुप्त ठिकानों (डंप) को खोज निकालकर भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 199वीं वाहिनी ने सटीक खुफिया सूचना के आधार पर जंगलों में घेराबंदी कर इस बड़ी कार्रवाई को सफलता से अंजाम दिया।
यह संयुक्त तलाशी अभियान कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव के नेतृत्व में संचालित किया गया। इसमें सीआरपीएफ की बी/199 और एफ/199 कंपनियों के साथ यंग प्लाटून के जवानों को तैनात किया गया था। जवानों ने रणनीतिक रूप से आगे बढ़ते हुए पीडिया व कुप्पागुड़ा क्षेत्र के अंतर्गत एड्री, हर्रा, नयापारा और सरपंचपारा के घने जंगलों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया।
तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए 14 नक्सली डंप मिले, जिनसे कुल 99 प्रकार की घातक सामग्रियां जब्त की गईं। हथियारों में एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक देशी 12 बोर रायफल शामिल हैं। इसके साथ ही 10 आईईडी, 8 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, वायरलेस सेट, प्लास्टिक एवं स्टील के कंटेनर, आईईडी बनाने में काम आने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा नक्सलियों के कपड़े भी बरामद किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने बेहद सतर्कता बरतते हुए पूरे क्षेत्र को चरणबद्ध ढंग से खंगाला, जिससे बिना किसी जनहानि के यह पूरा अभियान सुरक्षित पूरा हुआ। सीआरपीएफ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इलाके में लगातार चल रहे ऐसे अभियानों से माओवादी नेटवर्क कमजोर हुआ है और स्थानीय ग्रामीणों के बीच सुरक्षा व विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है।
इससे पूर्व भी बीजापुर पुलिस ने पेगडापल्ली के वनों में नक्सलियों के छिपे सामान को बरामद करने में सफलता पाई थी। 29 अगस्त को पेगडापल्ली के वन क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान जवानों ने घेराबंदी करके 39 वर्षीय संदिग्ध बोगम लखमू को हिरासत में लिया था। सघन पूछताछ में उसने प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) के चिन्नागेलूर डीएकेएमएस सदस्य के तौर पर काम करने तथा संगठन के विस्फोटक व साजो-सामान छिपाने की बात स्वीकार की।
पकड़े गए नक्सली के पास से 50 हजार 50 रुपये नकद, एक बीजीएल लांचर, 18 बीजीएल सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, 303 रायफल के 15 जिंदा कारतूस, 31 बीजीएल कार्ट्रिज, इंसास रायफल की एक खाली मैगजीन, बिजली का तार, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड जब्त की गई थी।



