केदारनाथ मंदिर के कपाट खुले

उत्तराखंड केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा शुरू हो गई है। अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु केदार नगरी में पहुंचे हैं। इस दौरान जय केदार, हर-हर महादेव के जयकारों से केदार नगरी गूंज उठी।केदारनाथ धाम के प्रमुख रावल भीमाशंकर लिंग ने पूर्ण विधि-विधान से मंदिर के कपाट खोले। बता दें कि सुबह 7.10 बजे भक्तों के लिए केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए। इस खास मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। इसके बाद अब सुबह 10.29 बजे यमुनोत्री धाम और 12.25 बजे गंगोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दर्शन और निरीक्षण के लिए सुबह 7बजे केदारनाथ धाम पहुंच गए थे।



