केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां और सिंधिया राजपरिवार की राजमाता माधवी राजे सिंधिया का निधन

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां और सिंधिया राजपरिवार की राजमाता माधवी राजे सिंधिया के निधन से पूरे ग्वालियर में शोक की लहर है। ग्वालियर में राजमाता के अंतिम संस्कार की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। सिंधिया परिवार की शाही छत्री परिसर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। माधवी राजे सिंधिया के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।गुरुवार को राजमाता माधवी राजे सिंधिया का अंतिम संस्कार ग्वालियर में किया जाएगा। सुबह 10.45 पर राजमाता की पार्थिव देह दिल्ली से ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेगी और फिर एयरपोर्ट से 11.45 पर रानी महल लाई जाएगी। रानीमहल में ही राजमाता की पार्थिव देह 12.30 से 2.30 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखी जाएगी और फिर 2.30-3.00 बजे तक अंतिम यात्रा की तैयारी होगी और 3.30 बजे अंतिम यात्रा छत्री परिसर के लिए बायरोड निकलेगी।



