IPL 2024 : पंजाब किंग्स vs राजस्थान रॉयल्स

राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब के सामने 145 रनों का मामूली लक्ष्य रखा। इस मुश्किल विकेट पर यह लक्ष्य पाना इतना आसान नहीं था। लेकिन पंजाब किंग्स ने कप्तान सैम करन के जोरदार प्रदर्शन की मदद से इस लक्ष्य को 18.5 ओवर में हासिल कर लिया। करन ने पहले शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर दो विकेट झटके और फिर 41 गेंद पर पांच चौके और तीन सिक्स की मदद से नाबाद 63 रन बनाए। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
करन के अलावा राइली रूसो ने 13 गेंद पर 22 और जितेश शर्मा ने 20 गेंद पर 22 रन का योगदान दिया। राजस्थान रॉयल्स के लिए आवेश खान और युजवेंद्र चहल ने दो – दो विकेट झटके। वहीं ट्रेंट बोल्ट ने एक विकेट लिया। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 144 रन बनाए थे।
राजस्थान के लिए लोकल बॉय रियान पराग ने मुश्किल वक़्त में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंद पर छह चौके की मदद से 48 रन बनाए। उनके अलावा रविचन्द्र अश्विन ने 19 गेंद पर 28, कप्तान संजू सैमसन ने 15 गेंद पर 18 और सलामी बल्लेबाज टॉम कोहलर-कैडमोर ने 25 गेंद पर 18 रनों का योगदान दिया। पंजाब किंग्स के लिए कप्तान सैम करन, हर्षल पटेल और राहुल चाहर ने दो -दो विकेट झटके। वहीं अर्शदीप सिंह और नाथन एलिस ने एक – एक विकेट लिया।



