पश्चिम बंगाल के हुगली के श्रीरामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ममता सरकार और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा
लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण के मतदान से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के हुगली के श्रीरामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और ममता बनर्जी, आपको डरना है तो डरते रहिए, ये पीओके भारत का है और हम उसे लेकर रहेंगे।अमित शाह ने कहा, “ममता बनर्जी, कांग्रेस-सिंडिकेट कहती है कि आर्टिकल 370 को मत हटाओ। मैंने संसद में पूछा कि क्यों न हटाएं, तो उन्होंने कहा कि खून की नदियां बह जाएंगी। यह नरेंद्र मोदी का शासन है। 5 साल हो गए खून की नदियां छोड़ो, किसी की कंकड़ चलाने की हिम्मत नहीं है। नरेंद्र मोदी ने आर्टिकल 370 को हटाकर पूरे कश्मीर को हमेशा के लिए भारत के साथ जोड़ दिया। जब इंडी गठबंधन का शासन था तो हमारे कश्मीर में हड़ताल होती थीं। आज पाक अधिकृत कश्मीर में हड़ताल होती है, पहले कश्मीर में आजादी के नारे लगते थे, अब पीओके में आजादी वाली नारेबाजी होती है। पहले कश्मीर में पत्थरबाजी होती थी, आज पीओके में पत्थरबाजी होती है।”