पांचवें चरण का मतदान समाप्त

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान सोमवार शाम समाप्त हो गया। इसके साथ ही लोकसभा की 428 सीटों पर चुनाव संपन्न हो चुका है। इससे पहले हुए चार चरणों में 379 सीटों पर चुनाव हुआ था। पांचवें चरण में 49 संसदीय क्षेत्रों में मतदान हुआ। इस चरण में उत्तर प्रदेश की लखनऊ, रायबरेली और अमेठी व महाराष्ट्र में नॉर्थ मुंबई, साउथ मुंबई जैसी चर्चित सीटों पर चुनाव हुआ। पांचवें चरण में शाम 5 बजे तक 56.68 प्रतिशत मतदान हुआ था। चुनाव आयोग की ओर से अभी अंतिम आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं। इस चरण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से चुनाव लड़ रहे थे। यहां शाम 5 बजे तक 49.88 प्रतिशत मतदान हुआ। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रायबरेली सीट से मैदान में थे, यहां शाम 5 बजे तक 56.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल मुंबई नॉर्थ से उम्मीदवार थे, यहां शाम 5 बजे तक 46.91 प्रतिशत मतदान हुआ।



