टी20 वर्ल्ड कप 2024 : साउथ अफ्रीका vs श्रीलंका

टी20 वर्ल्ड कप 2024 के अपने पहले ही मुकाबले में साउथ अफ्रीका के हाथों श्रीलंका को छह विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। श्रीलंका ने इस मैच में टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का अपना सबसे कम स्कोर बनाया। श्रीलंका की टीम महज 77 रनों पर ऑलआउट हो गई। हालांकि जीत के लिए साउथ अफ्रीका को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वर्ल्ड कप के अपने पहले ही मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के लिए श्रीलंकाई कप्तान वानिंदु हसरंगा ने बल्लेबाजों पर ठीकरा फोड़ा है। उन्होंने कहा कि हमारे बल्लेबाजों ने 160-170 का स्कोर करने का प्रयास किया, लेकिन अगर वह इस पिच पर 120 भी बनाते तो काफी होता।मैच की बात करें तो श्रीलंका की पूरी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 77 रन पर सिमट गई। कुसल मेंडिस (19), एंजलो मैथ्यूज (16) और कमिंदु मेंडिस (11) को छोड़कर कोई अन्य बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। साउथ अफ्रीका के लिए एनरिक नॉर्खिया ने 4 तो कगिसो रबाडा और केशव महाराज ने दो-दो विकेट हासिल किए। इसके बाद साउथ अफ्रीका के लिए क्विंटन डिकॉक ने 20 तो क्लासेन ने नाबाद 19 रन की पारी खेली और टीम को 6 विकेट से जीत दिलाई।