योग को लोकप्रिय बनाने की यात्रा में श्रीअन्न नया पड़ाव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री निवास में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योगाभ्यास किया और कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विशिष्ट अतिथिगण और उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों के साथ योग अभ्यास किया। योग दिवस में प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित थे। इनमें भोपाल संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री आलोक शर्मा, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, विधायक श्री भगवान दास सबनानी, भोपाल नगर निगम के अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय श्री संजय शुक्ला, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय श्री राघवेंद्र कुमार सिंह, प्रमुख सचिव आयुष और स्कूल शिक्षा श्रीमती रश्मि अरुण शमी, जनसंपर्क आयुक्त श्री संदीप यादव शामिल हुए। इस कार्यक्रम से प्रदेशभर में मंत्रिगण, सांसद, विधायक और आमजन जुड़े।
प्रधानमंत्री श्री मोदी का संबोधन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा श्रीनगर से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : 2024 को दिए गए संबोधन का श्रवण किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि योग से व्यक्ति को शक्ति मिलती है। योग विद्या ही नहीं विज्ञान है। यह एकाग्रता लाने में सहायक है। मन की ताकत को बढ़ाता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पूरे विश्व के योग प्रेमियों को और दुनिया के कोने-कोने में योग कर रहे लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारत द्वारा संयुक्त राष्ट्रसंघ में 10 वर्ष पूर्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रस्ताव को विश्व के 177 देशों ने समर्थन दिया था। योग से जुड़े नए-नए रिकार्ड बन रहे हैं। योग करने वालों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। जेलों में भी कैदियों द्वारा योग किया जा रहा है। योग की यह प्रेरणा मनुष्य के सकारात्मक प्रयासों को ऊर्जा देती है। अनेक देशों में योग जीवन का हिस्सा बन चुका है। वयोवृद्ध लोग भी योग कर रहे हैं। विश्वविद्यालयों में योग पर शोध कार्य हो रहे हैं। अन्य देशों के पर्यटक भारत में योग शिक्षण-प्रशिक्षण के उद्देश्य से आते हैं। आज बाजार में भी योगाभ्यास और फिटनेस के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध हैं। कार्यक्रम को केंद्रिय आयुष राज्यमंत्री श्री प्रताप राव जाधव ने भी संबोधित किया।


