उज्जैन के डोंगला से तय होगा दुनिया का स्टैंडर्ड टाइम, सरकार कर रही है प्रयास: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उज्जैन के महिदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में ₹207.57 करोड़ के 19 विकास कार्यों की सौगात क्षेत्र की जनता को सौंपी। मुख्यमंत्री ने एक सिंगल क्लिक के माध्यम से इन परियोजनाओं का अनावरण किया, जिसमें ₹188.42 करोड़ की लागत से बना सामाकोटा बैराज प्रमुख है। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई नवीन भवनों और उपकेंद्रों का भी लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये विकास कार्य सिंहस्थ 2028 की तैयारियों और क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सामाकोटा बैराज के निर्माण से उज्जैन जिले के जल स्तर में व्यापक सुधार होगा, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए संजीवनी मिलेगी। उन्होंने महिदपुर के डोंगला का जिक्र करते हुए एक बड़ा बयान दिया कि राज्य सरकार आर्यभट्ट और सम्राट विक्रमादित्य की वैज्ञानिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए डोंगला स्थित आधुनिक वेधशाला (ऑब्जर्वेटरी) के माध्यम से वैश्विक समय (स्टैंडर्ड टाइम) तय कराने के प्रयास कर रही है। इसके साथ ही डोंगला से निकलने वाला नया फोरलेन हाईवे महिदपुर में लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्टेशन को नई रफ्तार देगा।
सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान वित्तीय वर्ष को किसान कल्याण के लिए समर्पित किया गया है, जबकि पिछला वर्ष उद्योगों के नाम था। उन्होंने सिंचाई क्षमता में हुई ऐतिहासिक वृद्धि के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि दो दशकों में सिंचित क्षेत्र 7.5 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो चुका है, जिसे आगामी ढाई वर्षों में 100 लाख हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति करने और गेहूं पर ₹2652 प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य देने की बात भी दोहराई।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक ₹60,000 करोड़ की राशि का अंतरण किया जा चुका है। आपातकालीन चिकित्सा के लिए एयर एंबुलेंस और सड़क दुर्घटनाओं में मददगारों के लिए ‘राहवीर योजना’ के तहत ₹25,000 की पुरस्कार राशि जैसे नीतिगत बदलाव किए गए हैं। अंत में उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम और होल्कर राजवंश के काल में महिदपुर में आयोजित हुए ऐतिहासिक सिंहस्थ को याद कर यहां की जनता के पुरुषार्थ को नमन किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, क्षेत्रीय सांसद अनिल फिरोजिया और विधायक दिनेश जैन (बोस) सहित कई वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



