लोकसभा अध्यक्ष ने स्कूली बच्चों के साथ इंदौर के बिजासन के अटल वन में किया पौध-रोपण

लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने मंगलवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में इंदौर में चल रहे 51 लाख पौधे लगाने के महा अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने इंदौर के बिजासन के समीप अटल वन में पौध-रोपण भी किया। श्री बिरला ने पौध-रोपण अभियान को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के दुषपरिणामों का सामना कर रहा है ऐसे में यह अभियान पर्यावरण अनुकूलता की दिशा में देश और दुनिया को नया दृष्टिकोण देते हुए नई राह दिखायेगा।

लोकसभा अध्यक्ष श्री बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान शुरू किया है। इस अभियान को मध्यप्रदेश विशेषकर इंदौर में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। यह अभियान जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि पौध-रोपण हमारी संस्कृति, संस्कार एवं अध्यात्म से जुड़ा हुआ है। यह अभियान वर्तमान के साथ भविष्य को भी सुखद बनाने का अभियान है। देश एवं विश्व की पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के समाधान का माध्यम भी बनेगा।

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि यह अभियान मानव जीवन को बचाने का वृहद अभियान है। यह एक अच्छा कार्य है। इस अभियान को निरन्तर आगे बढ़ाते रहना चाहिए।  नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वृक्ष धरती का श्रृगांर है। यह हमारे जीवन का सबसे बड़ा आधार है। वृक्ष से ही जीवन की निर्भरता है। वृक्ष हमें जीवन बचाने के लिए सब कुछ देता है। हमारा फर्ज बनता है कि अधिक से अधिक पौधे लगाये और उनकी सुरक्षा का संकल्प लें। इंदौरमहापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने स्वागत भाषण देते हुए इंदौर में चलाए जा रहे पौध-रोपण अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से जन आंदोलन बन चुका है। राज्य सरकार ने जहां एक ओर साढ़े 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इसमें से इंदौर शहर में ही 51 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button