39वें आईएटीओ के दूसरे दिन पर्यटन में भविष्य की संभावनाओं पर हुआ मंथन
39वें आईएटीओ के दूसरे दिन पर्यटन में भविष्य की संभावनाओं, प्रयासों और अवसरों पर विभिन्न सेशन में मंथन हुआ। देश और प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में इजाफा करने, आर्थिक वृद्धि और पर्यटन स्थलों के प्रचार प्रसार के विषयों पर डेलीगेट्स ने अपने विचार रखें। दूसरे दिन के पहले सत्र में ‘रिसर्जेंट इंडिया इनबाउंड – चुनौतीपूर्ण कारोबारी माहौल के बीच भारत को फिर से स्थापित करने की रणनीति’ विषय पर व्यावसायिक सत्र को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति श्री शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि वैश्विक बाजार की मांग अनुरूप पर्यटन गंतव्य और पर्यटन सुविधाएं विकसित किए जाने की आवश्यकता है। एआई और नवीन तकनीक का उपयोग कर पर्यटन स्थलों पर लाइट एंड साउंड शो, 3डी वर्चुअल टूर जैसी सुविधाएं विकसित करनी होगी। इससे वर्तमान और भावी पीढ़ी को पर्यटन स्थल के इतिहास और विशिष्टता के बारे में जानकारी मिलेगी। सत्र में विशेष सचिव पर्यटन उत्तर प्रदेश सुश्री ईशा प्रिया, एबरक्रॉम्बी एंड केंट के एमडी विक्रम मधोक में संबोधित किया। सत्र का संचालन सचिव (सेवानिवृत्त) भारत सरकार श्री अरविंद सिंह ने किया।
प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने कहा कि पर्यटन गंतव्य विकसित करते समय उसकी विश्व स्तर पर विशिष्टता का विशेष ध्यान रखें। यही विशिष्टता विदेशों के पर्यटकों को देश में पर्यटन के लिए आकर्षित करेंगी। प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने सभी आईएटीओ सदस्यों से मध्यप्रदेश में अधिक से अधिक पर्यटकों को आमंत्रित करने का आग्रह भी किया।
अधिवेशन के तीसरे सेशन में डिस्कवरिंग द अंडिस्कवर्ड विषय पर बोलते हुए प्रबंध संचालक राज्य पर्यटन विकास निगम श्री इलैयाराजा टी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटकों के आतिथ्य के लिए 90 से अधिक प्रॉपर्टी मध्यप्रदेश कॉर्पोरेशन के द्वारा संचालित की जा रही हैं। मध्यप्रदेश देश का सबसे स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यटन स्थल है। मध्यप्रदेश में संस्कृति, इतिहास, पुरातत्व और जियोलॉजी का अद्भुत समावेश है। सस्टेनेबल टूरिज्म को बढ़ाने के लिए इको टूरिज्म बोर्ड के साथ टाई अप किए हैं, जिस इंफ्रा स्ट्रक्चर यानी रिजॉर्ट और होटल को सस्टेनेबल तरीके से निर्मित किया जा सके। अध्यात्मिक टूरिज्म में महाकाल लोक और उज्जैन ने ख्याति पाने के साथ रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म में भी प्रदेश अग्रसर हैं। पर्यटन के क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता को एक कदम आगे ले जाते हुए पचमढ़ी में होटल अमलतास को सिर्फ महिलाओं द्वारा संचालित किया जा रहा है। सेशन में अध्यक्ष एटीओएआई पद्मश्री अजीत बजाज, एमडी और सीईओ सीजीएच अर्थ श्री माइकल डोमिनिक और अध्यक्ष अंतरा लक्ज़री रिवर क्रूज़ श्री राज सिंह ने भी अपने विचार रखें।