मोदी ने दिल्ली चुनाव के लिए अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की

आगामी दिल्ली चुनावों के लिए अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पार्टी की जीत का विश्वास जताते हुए कहा कि 5 फरवरी को आम आदमी पार्टी जाएगी और भारतीय जनता पार्टी आएगी। उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली कह रही है, 5 फरवरी को आप-दा जाएगी, भाजपा आएगी।घोंडा विधानसभा क्षेत्र में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने दिल्ली में सत्तारूढ़ आप पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र के निवासी एक ऐसी सरकार चाहते हैं जो उन्हें टैंकर माफियाओं से मुक्ति दिलाए और उन्हें नल का पानी मुहैया कराए। यहां का दृश्य दिल्ली के मूड को दर्शाता है, यह दिल्ली के लोगों के जनादेश को दर्शाता है। दिल्ली कह रही है कि अब कोई बहाना, झूठे वादे, लूट, ‘आप-दा’ का झूठ और नहीं चलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा, मैं दिल्ली भाजपा को बधाई देता हूं। उन्होंने एक जबरदस्त संकल्प पत्र पेश किया है। इसमें दिल्ली की महिलाओं, युवाओं, मध्यम वर्ग, ऑटो चालकों, दुकानदारों, झुग्गीवासियों सहित सभी के लिए योजनाओं का वादा किया गया है।



