आईएएफ और एफएएसएफ के बीच ‘गरुड़ 25’ अभ्यास शुरू

भारतीय वायु सेना (आईएएफ) 16 नवंबर से 27 नवंबर 2025 तक फ्रांस में फ्रांसीसी वायु एवं अंतरिक्ष बल (एफएएसएफ) के साथ संयुक्त रूप से द्विपक्षीय वायु अभ्यास ‘गरुड़ 25’ के आठवें संस्करण में भाग ले रही है।
आईएएफ की टुकड़ी, जिसमें एसयू-30एमकेआई लड़ाकू विमान शामिल हैं, 10 नवंबर को फ्रांस के मोंट-डे-मार्सन एयरबेस पर पहुंची। इस अभ्यास के दौरान, आईएएफ के एसयू-30एमकेआई और फ्रांस के लड़ाकू विमान हवा से हवा में युद्ध, वायु रक्षा, और संयुक्त हमला मिशनों सहित जटिल हवाई युद्ध परिदृश्यों में उड़ान भरेंगे।
रसद सहायता के लिए सी-17 ग्लोबमास्टर III एयरलिफ्ट प्रदान कर रहा है, जबकि आईएल-78 टैंकर हवा में ईंधन भरने का कार्य संभाल रहे हैं।
इस अभ्यास का मुख्य फोकस एक वास्तविक प्रचालनगत माहौल में दोनों वायु सेनाओं के बीच रणनीतियों का आदान-प्रदान करना, आपसी समझ विकसित करना और अंतर-संचालन क्षमता को मजबूत करना है। यह दोनों देशों की वायु सेनाओं के बीच सहयोग और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है।



