भारत की सैन्य शक्ति में भारी वृद्धि: DRDO ने 120 किमी रेंज वाले पिनाका गाइडेड रॉकेट का किया सफल परीक्षण

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने सोमवार को ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज से ‘पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट’ (LRGR 120) का पहला सफल उड़ान परीक्षण कर इतिहास रच दिया। यह परीक्षण सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि रॉकेट ने 120 किलोमीटर की अपनी अधिकतम सीमा तक सटीक प्रहार किया।
परीक्षण के दौरान रॉकेट ने हवा में सभी नियोजित ‘मैन्युवर्स’ (पैंतरेबाज़ी) का शानदार प्रदर्शन किया। रेंज पर लगे रडार और टेलीमेट्री जैसे उपकरणों ने पूरी उड़ान के दौरान रॉकेट की गति और दिशा की निगरानी की। इस सफल परीक्षण के साथ ही भारतीय सेना की लंबी दूरी की आर्टिलरी प्रणाली अब और अधिक घातक हो गई है।



