मौसम अपडेट :

पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में चल रही सर्द हवाओं ने पूरे देश को ठिठुरा दिया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार और छत्तीसगढ़ तक तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है। खराब दृश्यता और कड़ाके की ठंड के कारण उत्तर प्रदेश में 100 ट्रेनें और 20 फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं, जबकि जयपुर में विजिबिलिटी जीरो होने से हवाई यातायात प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 15 दिनों तक कश्मीर में भारी बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड के मुनस्यारी में पारा -9 डिग्री तक गिर गया है, जिससे पीने के पानी की पाइपलाइनों में बर्फ जम गई है।
विजिबिलिटी जीरो और स्कूलों में छुट्टियां: जानें आपके राज्य में ठंड का क्या है हाल
-
राजस्थान: जयपुर में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। ठंड को देखते हुए 26 जिलों में 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जोधपुर में स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 बजे किया गया है।
-
मध्य प्रदेश: भोपाल में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा, पारा 3.8 डिग्री रहा। छिंदवाड़ा में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर और इंदौर सहित कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित है।
-
उत्तर प्रदेश: 35 जिलों में घना कोहरा छाया है। लखनऊ और अलीगढ़ में गलन बढ़ गई है। प्रदेश के सभी 8वीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक के लिए बंद कर दिए गए हैं।
-
बिहार और झारखंड: बिहार के 23 जिलों में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट है। झारखंड के मैक्लुस्कीगंज में पारा 1.5 डिग्री तक गिर गया है, जिससे 14 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
-
छत्तीसगढ़: अंबिकापुर 3.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। रायपुर में भी पारा 7 डिग्री तक गिर गया है। सरगुजा में 5वीं तक के बच्चों की 10 जनवरी तक छुट्टी रहेगी।
-
पंजाब और हरियाणा: हिसार में दिन का तापमान सामान्य से काफी कम 6.3 डिग्री रहा। पंजाब में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है।



