तिरुवनंतपुरम में भारत का ‘तूफान’, ईशान के शतक और अर्शदीप के पंजे से न्यूजीलैंड पस्त, 4-1 से जीती सीरीज

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पांचवें टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाते हुए न्यूजीलैंड को 46 रनों से धूल चटा दी। कप्तान सूर्यकुमार यादव के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले को बल्लेबाजों ने सही साबित किया। हालांकि, भारत की शुरुआत धीमी रही और संजू सैमसन (6) व अभिषेक शर्मा (30) के रूप में 48 रन पर दो विकेट गिर गए थे।

इसके बाद मैदान पर ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव का कब्जा रहा। दोनों ने महज 57 गेंदों में 137 रनों की आतिशी साझेदारी की। ईशान किशन ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक जड़ते हुए 43 गेंदों में 103 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के शामिल थे। सूर्या ने भी 30 गेंदों में 63 रन की पारी खेली और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। अंत में हार्दिक पांड्या के 17 गेंदों में 42 रनों के दम पर भारत ने 271 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

272 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम की ओर से फिन एलन ने 38 गेंदों में 80 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनकी टीम 225 रनों पर ढेर हो गई। अर्शदीप सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके। इस जीत के साथ भारत ने वनडे सीरीज की हार का बदला लेते हुए टी-20 सीरीज पर 4-1 से कब्जा कर लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button