मध्यप्रदेश के विकास मॉडल और आपदा प्रबंधन का अध्ययन करेगा रक्षा महाविद्यालय का दल; राज्यपाल ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के विराट स्वरूप पर दिया बल

भोपाल: मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रशासनिक ढांचे और विकास योजनाओं को गहराई से समझने के निर्देश दिए हैं। राज्यपाल ने अधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे प्रतिदिन के भ्रमण के बाद अपनी गतिविधियों पर चिंतन करें और एक विस्तृत ‘भ्रमण टीप’ (Visit Note) तैयार करें।
राज्यपाल ने कहा कि अधिकारियों को उज्जैन और इंदौर जैसे शहरों में भीड़ नियंत्रण, बड़े आयोजनों के प्रबंधन और औद्योगिक विकास में जन-भागीदारी की भूमिका को समझना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आई क्रांतिकारी प्रगति का उल्लेख करते हुए इसे जमीनी स्तर पर देखने की सलाह दी।
अकादमी के संचालक श्री मुजीबुर्रहमान खान ने बताया कि 47 सप्ताह के पाठ्यक्रम के तहत 122 अधिकारियों को 8 अलग-अलग समूहों में देश के विभिन्न राज्यों में भेजा गया है, जिनमें से एक दल मध्यप्रदेश आया है। कोमोडोर सुमीत शिदौरे ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण को 6 मॉड्यूल में बांटा गया है ताकि अधिकारी देश की विविधता और चुनौतियों को समझ सकें।


