सिंगरौली में कंचन ज्वेलर्स डकैती कांड का 6 घंटे में पर्दाफाश, तीन अंतर्राज्यीय बदमाश गिरफ्तार; नकदी, जेवरात व हथियार बरामद

मध्य प्रदेश की सिंगरौली पुलिस ने जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई डकैती की वारदात का महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 200.7 ग्राम सोने के आभूषण, 205.410 ग्राम चांदी के जेवर, 1 लाख 4 हजार 200 रुपये की नकदी, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, एक पिस्टल, दो कट्टे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल और कट्टे लहराकर दुकान के कर्मचारियों को आतंकित किया और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने दो व्यक्तियों पर हथियारों से प्रहार किया और दहशत फैलाने की नीयत से मौके पर गोलीबारी भी की।
वारदात की सूचना मिलते ही सिंगरौली पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपियों की धरपकड़ और संपत्ति की बरामदगी के लिए विशेष दलों का गठन किया। नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर, एसडीओपी मोरवा और एसडीओपी चितरंगी के नेतृत्व में गठित टीमों ने घटनास्थल तथा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की और आरोपियों के भागने के संभावित मार्गों को चिह्नित किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, छत्तीसगढ़ के बलरामपुर तथा झारखंड के गढ़वा एवं पलामू जिलों की पुलिस से तत्काल संपर्क कर अंतर्राज्यीय सीमाओं पर अलर्ट जारी कराया गया। रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और प्रमुख आवागमन मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिलों की घेराबंदी की। पीछा किए जाने के दौरान बदमाशों की एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार दो आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, अंतर्राज्यीय समन्वय के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से गिरोह के तीसरे सदस्य को भी पकड़ा गया, जो जवाबी फायरिंग में घायल हुआ था। उसके पास से दूसरी मोटरसाइकिल और लूट के जेवरात व नकदी बरामद की गई।
पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य अपराधियों की जानकारी जुटा रही है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए विशेष पुलिस दल अन्य राज्यों में भेजे गए हैं, तथा मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।


