ओडीओपी समिट 2026: रतलाम के पारंपरिक उद्योगों को आधुनिक तकनीक और मार्केटिंग से जोड़ेगी सरकार

स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए रतलाम में भव्य ओडीओपी समिट का आयोजन किया गया। एमएसएमई मंत्री श्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि रतलामी सेव, शिवपुरी की जैकेट और मुरैना की गजक अब मध्यप्रदेश की पहचान बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं प्रधानमंत्री ने रतलामी सेव का उल्लेख कर इसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति दिलाई है।
समिट में एमएसएमई आयुक्त श्री दिलीप कुमार ने विभागीय पहलों की जानकारी दी, जबकि रतलामी सेव मंडल के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस दौरान एक डिजिटल प्रस्तुति के माध्यम से रतलामी सेव की उत्पत्ति, विकास यात्रा और इसकी विशिष्टताओं को प्रदर्शित किया गया। सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलनों का उद्देश्य स्थानीय और बाहरी निवेशकों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रदेश का बहुमुखी विकास करना है। मंत्री काश्यप ने जोर दिया कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार हर कदम पर उद्यमियों के साथ खड़ी है।


