घरेलू PNG कनेक्शन पर सरकार का विशेष फोकस, पेट्रोल-डीज़ल की कोई कमी नहीं

केंद्र सरकार पाइप वाली प्राकृतिक गैस (PNG) को प्राथमिकता देने में लगी हुई है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बुधवार को स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल और डीज़ल की पर्याप्त आपूर्ति है और ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में बताया कि घरेलू PNG कनेक्शन सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं और इनकी 100% सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा, परिवहन क्षेत्र में प्रयुक्त CNG भी सभी उपभोक्ताओं को पूरी तरह उपलब्ध कराई जा रही है। कई कंपनियों ने उपभोक्ताओं के लिए ₹500 तक मुफ्त गैस या सिक्योरिटी डिपॉजिट में छूट जैसी सुविधाएँ भी दी हैं।

राज्य सरकारों को पत्र लिखकर 10% अतिरिक्त कमर्शियल गैस और अतिरिक्त LPG देने का ऑफ़र भी दिया गया है। दिल्ली में एक आदेश जारी किया गया है जिसमें रोड रेस्टोरेशन चार्ज माफ कर 24×7 पाइपलाइन कार्य की इजाजत दी गई है। सरकार ने PNG कनेक्शन बढ़ाने के लिए एक नया गजट नोटिफिकेशन भी जारी किया है, ताकि आवेदन शुल्क और अप्रूवल समय आसान हो सके।

सुजाता शर्मा के अनुसार पिछले 25 दिनों में 2.5 लाख नए PNG कनेक्शन दिए गए और लगभग 2.20 लाख उपभोक्ता LPG से PNG पर स्थानांतरित हुए हैं। इस दौरान 2.5 लाख नए आवेदन भी प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि LPG की आपूर्ति पूरी तरह पर्याप्त है और 26 राज्यों में लगभग 22,000 टन कमर्शियल LPG अलॉट किया गया।

सरकार ने केरोसिन के लिए भी अतिरिक्त एलोकेशन किया है और 16 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में ऑर्डर जारी किए गए हैं। ब्लैक मार्केटिंग और जमाखोरी रोकने के लिए राज्य सरकारों के साथ मिलकर कार्रवाई की जा रही है। कल अलग-अलग राज्यों में लगभग 2700 छापेमारी हुई और 2000 सिलेंडर जब्त किए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button