मौसम अपडेट :

देश के पांच राज्यों में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि ने चिंता बढ़ा दी है।
-
उत्तर प्रदेश: लखनऊ समेत 10 शहरों में बुधवार सुबह बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। मथुरा, जालौन और कन्नौज में भारी ओलावृष्टि हुई है। मौसम विभाग ने 40 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। हालांकि, बांदा 41.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा।
-
मध्य प्रदेश: प्रदेश के आधे हिस्से में आंधी-बारिश का संकट मंडरा रहा है। इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर समेत 29 जिलों में 4 अप्रैल तक अलर्ट है। राहत की बात यह है कि 15 अप्रैल के बाद ही भीषण गर्मी और लू का प्रकोप शुरू होगा।
-
राजस्थान और हरियाणा: राजस्थान में 2 अप्रैल से नया वेदर सिस्टम सक्रिय होगा। मंगलवार को हुई ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं, हरियाणा में भी 3 और 4 अप्रैल को बारिश का अनुमान है। यहाँ पहले ही हिसार और सिरसा जैसे 6 जिलों में फसलें बर्बाद हो चुकी हैं।
-
पहाड़ी राज्य: जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में हिमस्खलन के कारण रास्ते बंद हैं। उत्तराखंड और हिमाचल में भी अगले 48 घंटों में बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई गई है।
अगले कुछ दिन देश के अलग-अलग हिस्सों में कुदरत के दो रूप देखने को मिलेंगे। एक तरफ बारिश और बर्फबारी का दौर है, तो दूसरी तरफ भीषण गर्मी की आहट।
-
2 अप्रैल का हाल: पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गुजरात, झारखंड और बिहार में हल्की बारिश होने की संभावना है। कर्नाटक में इस दौरान बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।
-
3 अप्रैल का हाल: उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों (जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड) में बर्फबारी और ओले गिर सकते हैं। वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान के मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश की उम्मीद है। महाराष्ट्र में बिजली कड़कने की संभावना है।
-
आगामी चेतावनी: मध्य प्रदेश में 15 अप्रैल से पारा तेजी से चढ़ेगा। ग्वालियर-चंबल संभाग के साथ भोपाल और इंदौर भी भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे।


