ओरेकल की बड़ी छंटनी से भारतीय आईटी सेक्टर में हलचल, 12,000 कर्मचारियों की नौकरी गई

भारत के सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में इन दिनों भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। वैश्विक टेक कंपनी ओरेकल ने भारत में अपने लगभग 12,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है, जिससे पूरे उद्योग में चिंता का माहौल बन गया है।

उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, इस बड़े पैमाने पर की गई छंटनी के पीछे वैश्विक आर्थिक सुस्ती और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बढ़ता प्रभाव प्रमुख कारण हैं। जानकारी के मुताबिक, कंपनी प्रबंधन ने मंगलवार सुबह करीब 6 बजे कर्मचारियों को ईमेल भेजकर उन्हें सूचित किया कि “आज आपका आखिरी वर्किंग डे है।”

कंपनी ने इस फैसले को संगठनात्मक बदलाव का हिस्सा बताया है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया। वैश्विक स्तर पर ओरेकल लगभग 30,000 कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। साथ ही, यह आशंका जताई जा रही है कि आने वाले कुछ हफ्तों में भारत में छंटनी का दूसरा चरण भी शुरू हो सकता है।

इस घटनाक्रम के बीच भारतीय आईटी सेक्टर की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। पिछले दो दशकों में तेज़ी से विकास करने वाला यह क्षेत्र अब ठहराव के दौर से गुजर रहा है। वर्ष 2005 से 2020 के बीच जहां इस सेक्टर की औसत वार्षिक वृद्धि दर लगभग 15 प्रतिशत थी, वहीं अब यह घटकर 5 से 6 प्रतिशत के बीच रह गई है।

नीति आयोग की 2025 की एक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2031 तक ऑटोमेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण आईटी और कॉल सेंटर सेक्टर की लगभग 20 प्रतिशत नौकरियों पर सीधा प्रभाव पड़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button