भारतीय एयरपोर्ट्स अब विश्व स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रतीक : केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के 31वें स्थापना दिवस पर खुशी जताई और संगठन की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के ‘उड़ान’ विजन को देश के दूरदराज के इलाकों में हवाई संपर्क का आधार बताते हुए कहा कि एएआई इस विजन की रीढ़ की हड्डी की तरह कार्य कर रहा है।

मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के 31वें सालाना जलसे में शामिल होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई। एएआई देश के विशाल और विविध इलाकों में हवाई यात्रा को आम जनता के लिए सुलभ बना रहा है।”

राम मोहन नायडू ने कहा कि आज भारतीय एयरपोर्ट न केवल आधुनिक और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रतीक हैं, बल्कि उनमें भारतीय विरासत और संस्कृति की झलक भी दिखाई देती है। उन्होंने इसे ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र का जीवंत उदाहरण बताया।

मंत्री ने एएआई की यात्री-केंद्रित पहलों की भी प्रशंसा की, जिनमें ‘उड़ान यात्री कैफे’, ‘फ्लाईब्ररी’, मुफ्त वाई-फाई और बच्चों के लिए विशेष जोन शामिल हैं। इन पहलों ने देशभर में हवाई यात्रा के अनुभव को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बनाया है।

उन्होंने एएआई के कर्मचारियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा, “एएआई के कर्मचारियों ने एक विश्वस्तरीय एयरपोर्ट डेवलपर और ऑपरेटर बनने के विजन को साकार कर दिखाया है।”

बता दें कि बुधवार को एएआई ने अपना 31वां स्थापना दिवस मनाया। संगठन देशभर में 100 से अधिक एयरपोर्ट्स का संचालन करता है और ‘उड़ान’ योजना के तहत छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राम मोहन नायडू ने एएआई को ‘गोल्डन जूबिली’ की ओर बढ़ते कदमों पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि संगठन निरंतर नवाचार और यात्री सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित कर भारत को वैश्विक एविएशन हब बनाने में योगदान दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button