मध्यप्रदेश पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: एक महीने में 109 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, अंतर्राज्यीय गिरोहों का पर्दाफाश

मध्यप्रदेश पुलिस ने वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले एक महीने के भीतर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सुनियोजित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 109 चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि पुलिस ने न केवल स्थानीय चोरों को पकड़ा, बल्कि छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों से जुड़े अंतर्राज्यीय गिरोहों के नेटवर्क को भी ध्वस्त कर दिया।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इस सफलता में तकनीकी साक्ष्यों और जिलों के बीच प्रभावी समन्वय की मुख्य भूमिका रही। जबलपुर, राजगढ़ और रतलाम जैसे जिलों में पुलिस ने विशेष टीम गठित कर इन गिरोहों की कमर तोड़ दी है। एडीजी और आईजी स्तर के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी जैसे अपराधों पर नियंत्रण के लिए यह सख्त अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।



