उत्तर भारत में देर रात भूकंप के झटके

शुक्रवार रात दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में स्थित था। इस प्राकृतिक आपदा में अफगानिस्तान में 8 लोगों की जान चली गई। मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, जिनकी मौत मकान गिरने के कारण हुई।
भारत में अभी तक किसी तरह के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में रात 9:46 बजे भूकंप के झटके दर्ज किए गए। झटकों के कारण लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए।
भूकंप के दौरान घरों के अंदर पंखे और झूमर हिलते देखे गए। कई लोगों ने इस दौरान के वीडियो भी बनाए, जो अब सामने आ रहे हैं।
पठानकोट के भुल्ला चौक बाजार से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें घर के अंदर लटक रहे ताले हिलते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो घर के मालिक अनमोल शर्मा ने रिकॉर्ड किया है।
फिलहाल, किसी भी स्थान से नुकसान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।



