शेयर बाज़ार अपडेट:

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार, 6 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में कमजोरी देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स करीब 300 अंक यानी 0.40% गिरकर 73,000 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 70 अंक फिसलकर 22,630 के स्तर पर पहुंच गया है।

सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो आज ऑयल एंड गैस तथा फार्मा सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा जा रहा है।

एशियाई बाजारों में मजबूती का रुख देखने को मिला है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.83% बढ़कर 5,422 पर पहुंच गया है, जबकि जापान का निक्केई 1.11% चढ़कर 53,715 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। हालांकि, हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स आज बंद हैं।

अमेरिकी बाजारों में 2 अप्रैल को मिला-जुला रुख देखने को मिला था। डाउ जोन्स इंडेक्स 224 अंक यानी 0.13% गिरकर 46,504 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक कंपोजिट 0.18% की बढ़त के साथ 21,879 पर और S&P 500 इंडेक्स 0.11% बढ़कर 6,582 के स्तर पर बंद हुआ।

कमोडिटी बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। आज क्रूड ऑयल लगभग 0.48% बढ़कर 109 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। गौरतलब है कि 28 फरवरी को ईरान में संघर्ष शुरू होने से पहले इसकी कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल थी।

इसी बीच भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक आज से शुरू हो गई है। निवेशकों की नजर ब्याज दरों और महंगाई के अनुमान पर रहेगी। RBI गवर्नर 8 अप्रैल को बैठक के फैसलों की घोषणा करेंगे। इस बार ब्याज दरों में किसी बदलाव की संभावना नहीं जताई जा रही है।

पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को गुड फ्राइडे के कारण बाजार बंद था। उससे पहले गुरुवार को बाजार में उतार-चढ़ाव के बाद तेजी देखी गई थी। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर 71,545 से उबरकर 185 अंक की बढ़त के साथ 73,320 पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी भी 22,182 के निचले स्तर से उछलकर 531 अंक की रिकवरी के बाद 34 अंक बढ़कर 22,713 पर बंद हुआ था। उस दिन आईटी और रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button