मध्यप्रदेश कैबिनेट के बड़े फैसले: विकास कार्यों के लिए 16,720 करोड़ की मंजूरी, उज्जैन में उतरेंगे एयरबस विमान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। राज्य सरकार ने शिक्षा, कृषि, सिंचाई और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से कुल 16,720 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति प्रदान की है।
बैठक के प्रमुख निर्णयों में उज्जैन हवाई पट्टी का विस्तार शामिल है, जिसके लिए 590 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। अब यहाँ बोइंग 320 जैसे बड़े एयरबस विमान उतर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, भोपाल में सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए ‘वित्तीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान’ (FTRI) की स्थापना की जाएगी। किसानों के हित में सरकार ने अगले तीन वर्षों के लिए चना और मसूर के उपार्जन हेतु 3,174 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी को मंजूरी दी है। वहीं, मंदसौर जिले की कातना सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के लिए भी 88.41 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 12 गांवों की 3500 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी।



