विश्व होम्योपैथी दिवस पर भोपाल के नाम बड़ी उपलब्धि: एम्स, आयुष विभाग और सीसीआारएच के बीच ऐतिहासिक त्रिपक्षीय समझौता

: विश्व होम्योपैथी दिवस के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय द्वारा विज्ञान भवन में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के आयुष विभाग के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रताप राव जाधव और आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा की उपस्थिति में शासकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय भोपाल, एम्स भोपाल और केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद (CCRH) नई दिल्ली के बीच एक त्रिपक्षीय एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
शोध का मुख्य उद्देश्य: इस समझौते के तहत अब भोपाल में ‘मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट डायबिटीज मेलिटस’ के कारण होने वाले ‘फुट अल्सर’ पर होम्योपैथी दवाओं के प्रभाव का गहन वैज्ञानिक अनुसंधान किया जाएगा। यह शोध विशेष रूप से उन मामलों पर केंद्रित होगा जहाँ पारंपरिक एंटीबायोटिक दवाएं बेअसर साबित हो रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह अनुसंधान भविष्य में एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति बढ़ते वैश्विक प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) के संकट से निपटने में क्रांतिकारी साबित होगा।



