मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्रिकेटर अमय खुरासिया की पुस्तक “74 वर्ष बाद” का विमोचन किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में एक गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान पूर्व क्रिकेटर और वर्तमान में केरल टीम के कोच श्री अमय खुरासिया द्वारा लिखित पुस्तक “74 वर्ष बाद” का विमोचन किया। इस अवसर पर पुस्तक की सह-लेखिका और श्री खुरासिया की सुपुत्री अमयसी कीर्ति खुरासिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने दोनों लेखकों को इस सारगर्भित रचना के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
यह पुस्तक मूल रूप से भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेशों और उनकी युद्ध नीतियों की आधुनिक युग में प्रासंगिकता पर केंद्रित है। श्री खुरासिया ने कोच के रूप में इन आध्यात्मिक सिद्धांतों का प्रयोग क्रिकेट के मैदान पर टीम की रणनीति तैयार करने में किया, जिसके चमत्कारी परिणाम सामने आए। पुस्तक में उल्लेख है कि इन्हीं नीतियों की बदौलत केरल की टीम ने 74 वर्षों के रणजी ट्रॉफी इतिहास में पहली बार फाइनल तक का सफर तय किया। साथ ही, दिलीप ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहली बार केरल के छह खिलाड़ियों का एक साथ चयन हुआ। यह पुस्तक हिंदी के साथ-साथ अंग्रेजी भाषा में भी उपलब्ध है।



