शेयर बाज़ार अपडेट :

सेंसेक्स 1100 अंकों की छलांग के साथ 78,000 पार, निफ्टी 24,200 के करीब — बाजार में मजबूत तेजी

बुधवार, 15 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स लगभग 1100 अंक यानी 1.48% बढ़कर 78,000 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी 350 अंकों (1.35%) की मजबूती के साथ 24,200 के आसपास पहुंच गया है। आज के कारोबार में ऑटो, आईटी, मेटल और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी देखी जा रही है।

बाजार में आई इस तेजी के पीछे कई अहम कारण माने जा रहे हैं। पहला कारण अमेरिका और ईरान के बीच दोबारा शुरू हो रही शांति वार्ता है। इस खबर से वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बना है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद निवेशकों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

दूसरा प्रमुख कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई है, जो भारत जैसी तेल आयात करने वाली अर्थव्यवस्था के लिए राहत की खबर है।

तीसरा कारण वैश्विक बाजारों में तेजी है। अमेरिकी बाजार रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गए हैं और एशियाई बाजारों में भी सकारात्मक रुख बना हुआ है, जिससे घरेलू बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिल रही है।

एशियाई बाजारों की बात करें तो साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 6155 के स्तर पर 180 अंकों यानी 3.14% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। जापान का निक्केई इंडेक्स 58163 पर 285 अंकों (0.49%) की बढ़त में है। वहीं हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 26094 पर 246 अंकों यानी 0.82% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है।

इससे पहले 14 अप्रैल को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी मजबूती देखी गई थी। डाउ जोन्स 318 अंकों (0.66%) की बढ़त के साथ 48,536 पर बंद हुआ। नैस्डैक 455 अंक (1.96%) चढ़कर 23,639 के स्तर पर पहुंचा, जबकि S&P 500 इंडेक्स 81 अंकों (1.18%) की बढ़त के साथ 6,967 पर बंद हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button