मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाई स्कूल टॉपर प्रतिभा सिंह को वीडियो कॉल पर दी बधाई, उज्जवल भविष्य की कामना की

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा 2026 में प्रदेश की प्रावीण्य सूची (Merit List) में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पन्ना जिले की होनहार छात्रा कुमारी प्रतिभा सिंह से वीडियो कॉल के माध्यम से बात की। मुख्यमंत्री ने प्रतिभा को उनकी शानदार सफलता पर शाबासी दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिभा के माता-पिता से भी चर्चा की। प्रतिभा के पिता, श्री भारतेंदु सिंह सोलंकी, जो पन्ना में रोजगार सहायक के रूप में कार्यरत हैं, और उनकी शिक्षिका माता को डॉ. यादव ने इस उपलब्धि का श्रेय देते हुए बधाई दी। मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए प्रतिभा ने बताया कि वह प्रतिदिन 7 से 8 घंटे पढ़ाई करती थी और भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं (IAS/IPS) में जाकर देश की सेवा करना चाहती है। मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए निरंतर प्रगति का आशीर्वाद दिया।



