प्रियांश और कोनोली की साझेदारी से पंजाब किंग्स की बड़ी जीत, लखनऊ 54 रन से पराजित

रविवार को आईपीएल में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से हराया। मुल्लांपुर स्थित न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन बनाए और लखनऊ की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 200 रन ही बना सकी।
पंजाब की पारी की शुरुआत झटके के साथ हुई, जब प्रभसिमरन सिंह 3 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने पारी को मजबूती देते हुए शतकीय साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 80 गेंदों में 182 रन जोड़े। प्रियांश ने 93 रन बनाए, जबकि कोनोली ने 87 रन की अहम पारी खेली।
अंतिम ओवरों में नेहल वाधेरा, शशांक सिंह और मार्कस स्टोयनिस ने तेज रन गति बनाए रखी, जिससे टीम का स्कोर 254 रन तक पहुंच गया। लखनऊ की ओर से एम सिद्धार्थ ने दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी, मोहसिन खान और प्रिंस यादव ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की शुरुआत संतुलित रही और 10 ओवर में टीम ने 100 रन बना लिए थे। हालांकि, इसके बाद लगातार विकेट गिरने से टीम की स्थिति कमजोर हो गई। कप्तान ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए, जबकि ऐडन मार्करम ने 42 और मिचेल मार्श ने 40 रन का योगदान दिया। आयुष बडोनी ने 35 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से दूर रह गई।
पंजाब की गेंदबाजी में मार्को यानसन ने 2 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाख और युजवेंद्र चहल ने भी एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
इस परिणाम के बाद पंजाब किंग्स 11 अंकों के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर बनी हुई है। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स की यह लगातार तीसरी हार रही और टीम आठवें स्थान पर खिसक गई है।



