आर्ट ऑफ लिविंग के वैश्विक सम्मेलन में शामिल हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री; श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव पर दीं शुभकामनाएं

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को कर्नाटक के उदयपुरा (बेंगलुरु) स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर पहुंचे, जहाँ उन्होंने संस्था के 45 वर्ष पूरे होने तथा आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित एक महीने के वैश्विक सम्मेलन को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर आध्यात्मिक गुरु को मध्य प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ आबादी की तरफ से बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि अशांति और भागदौड़ भरे इस युग में भी श्री श्री रविशंकर की करुणा और ऊर्जा हर दिन एक नई प्रेरणा देती है।
अपने व्याख्यान में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत की आकांक्षा कभी भी हथियारों के बल पर दुनिया को जीतने की नहीं रही, बल्कि देश ने हमेशा ‘विश्वगुरु’ बनने का मार्ग चुना है। उन्होंने कहा कि मन की शांति ही शरीर के स्वास्थ्य और संतुलन का आधार है। आर्ट ऑफ लिविंग आध्यात्मिक संगठन के पुनीत सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सुदर्शन क्रिया, ध्यान और योग जैसी प्राचीन भारतीय पद्धतियों को पुनर्जीवित कर यह संस्था मानवता की सेवा कर रही है, जिससे समाज और राष्ट्र का उत्थान सुनिश्चित हो रहा है।
सांस्कृतिक विविधता और चेतना पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में अनेक भाषाओं का समावेश है, लेकिन चेहरे के भाव हर भाषा की सीमा से परे सब कुछ बयां कर देते हैं। उन्होंने केंद्र में आने वाले वैश्विक श्रद्धालुओं का जिक्र करते हुए कहा कि यहाँ आकर देवलोक जैसी शांति की अनुभूति होती है। मानव जीवन की महत्ता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य भोजन के बिना 30 दिन और पानी के बिना 7 दिन रह सकता है, परंतु गुरुदेव ने हमें प्राण से परमानंद की ओर बढ़ने का मार्ग दिखाया है। जीवन और प्रकृति के जुड़ाव में उन्होंने संस्था के सामाजिक सेवा प्रकल्पों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
समारोह के दौरान अन्य गणमान्य वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए। कन्नड़ भाषा में संबोधित करते हुए न्यूज फर्स्ट मीडिया हाउस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एस. रवि कुमार और टीवी 9 के सीनियर एंकर रंगनाथ भारद्वाज ने श्री श्री रविशंकर को वैश्विक शांति का अग्रदूत बताया और कहा कि उन्होंने दुनिया को ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के साथ ‘आर्ट ऑफ लविंग’ का भी पाठ पढ़ाया है। डॉ. मोहन यादव ने बाबा महाकाल का जयकारा लगाते हुए गुरुदेव के दीर्घायु होने की मंगलकामना की।
इस भव्य आयोजन में राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं। कार्यक्रम के विशेष अतिथियों में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, श्रीमती जानकी शुक्ला, केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन切 रेड्डी, उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह, फिल्म अभिनेता जैकी श्रॉफ और एशियन पेंट्स के ओनर जलस दानी विशेष रूप से शामिल रहे।

