बढ़ती गर्मी और लू को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनता से सतर्क रहने की अपील

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए आम जनता से अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की है कि वे लू और तपिश से सुरक्षित रहने के लिए सभी जरूरी उपाय अपनाएं ताकि किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से बचा जा सके।
इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश के मौजूदा हालात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश के कई हिस्सों में तेजी से बढ़ते पारे और आम जनजीवन पर इसके प्रतिकूल असर को लेकर गहरी चिंता जताई है। प्रधानमंत्री ने भी देश की जनता से इस मौसम में अत्यधिक सतर्कता बरतने की उम्मीद की है।
मुख्यमंत्री ने विशेष तौर पर बच्चों की सेहत का ध्यान रखने की बात कही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से कहा कि वे शरीर में पानी की कमी न होने दें और जब भी किसी जरूरी काम से घर से बाहर निकलें, तो अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें। इस मौसम में डिहाइड्रेशन से बचना सबसे ज्यादा जरूरी है।
इसके साथ ही डॉ. यादव ने भीषण गर्मी के दौर में समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले नागरिकों की पीठ थपथपाई है। उन्होंने उन सेवाभावी लोगों की सराहना की जिन्होंने राहगीरों और जरूरतमंदों के लिए अपने घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर ठंडे पानी के मटकों की व्यवस्था की है।
संपादकीय संदेश में मुख्यमंत्री ने सामाजिक संगठनों की भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों को पानी पिलाने का काम करने वाली संस्थाओं के प्रयासों को हर स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि इस पुनीत कार्य का दायरा और बढ़ सके।



