मध्य प्रदेश में अवैध हथियारों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार: पुलिस ने पंद्रह दिनों में दबोचे कई आरोपी, भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद
मध्य प्रदेश पुलिस ने राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध हथियारों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया है। इस विशेष मुहिम के तहत पिछले 15 दिनों के भीतर विभिन्न जिलों की पुलिस टीमों ने कड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी, बिक्री और उनके आपराधिक इस्तेमाल में लिप्त अपराधियों के पास से 87 अवैध हथियार, 23 धारदार हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
खरगोन जिले में पुलिस को इस अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहाँ के भीकनगांव थाना और बमनाला पुलिस चौकी ने अलग-अलग कार्रवाइयों में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 12 अवैध देसी पिस्टल, 1 देसी कट्टा, मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पकड़े गए आरोपियों में पंजाब, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के बिचौलिये तथा खरीदार शामिल हैं। इसके अलावा, गोगावां और सनावद पुलिस की संयुक्त टीम ने सिगनूर गांव में चल रही एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री पर छापा मारकर 5 सिकलीगर आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहां से 9 हस्तनिर्मित देसी पिस्टल, 2 देसी कट्टे, 2 अर्धनिर्मित पिस्टल और भारी मात्रा में निर्माण उपकरण बरामद हुए हैं। एक अन्य संयुक्त कार्रवाई में गोगावां, सनावद और जैतपुरा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 55 हजार रुपये के इनामी बदमाश और उसके साथी को घेराबंदी कर पकड़ा। इनकी निशानदेही पर जंगल से 8 देसी पिस्टल और 3 देसी कट्टे (अनुमानित कीमत 2.45 लाख रुपये) बरामद किए गए। खरगोन पुलिस ने इन तीनों कार्रवाइयों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर 35 अवैध फायर आर्म्स (29 देसी पिस्टल और 6 देसी कट्टे) जब्त किए हैं।
मुरैना जिले के विभिन्न थानों (कोतवाली, पोरसा, अंबाह, देवगढ़, सबलगढ़ और सिहोनिया) की पुलिस टीमों ने फायरिंग, हत्या के प्रयास, चोरी जैसे गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा है। यहाँ अलग-अलग मामलों में कुल 15 अवैध हथियार (देसी कट्टे और पिस्टल), 27 जिंदा कारतूस, अधिया, खाली खोखे और मोटरसाइकिल बरामद कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। धार जिले के मनावर क्षेत्र में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक गैंगस्टर और सिकलीगर को गिरफ्तार कर उनके पास से 4 देसी पिस्टल और हथियार बनाने के उपकरण जब्त किए हैं। वहीं वाहन चेकिंग के दौरान एक अन्य आरोपी से देसी पिस्टल, मैग्जीन, जिंदा राउंड और एक स्कूटी बरामद की गई।
दतिया जिले के उनाव थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 कट्टे, 1 पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया। साथ ही एक अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर 4 कट्टे, अर्धनिर्मित हथियार और निर्माण सामग्री जब्त की। गुना में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 देसी कट्टे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त कॉम्बिंग गश्त के दौरान डकैती की योजना बना रहे 5 शातिर बदमाशों को दबोचकर उनके पास से देसी कट्टा, जिंदा राउंड और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
नीमच पुलिस ने भी अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए 3 देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, ग्राइंडर मशीन, बंदूक की नाल और वेल्डिंग मशीन सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं। राजधानी भोपाल के तलैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) को अभिरक्षा में लेकर उसके पास से 15 तलवारें और 8 छुरे बरामद किए हैं।
ग्वालियर जिले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो और स्टेटस पोस्ट करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 315 बोर का देसी कट्टा बरामद किया। इसके अलावा आरोन थाने में दो और थाटीपुर थाने में एक अवैध देसी कट्टा जब्त किया गया। एक अन्य मामले में चोरी का बिजली का तार ले जा रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक देसी कट्टा, जिंदा राउंड, 150 किलोग्राम बिजली का तार और वाहन जब्त किया गया है।
राज्य के अन्य हिस्सों में की गई कार्रवाई के तहत इंदौर में 1 पिस्टल; शिवपुरी में 315 बोर के 2 देसी कट्टे और 7 कारतूस; टीकमगढ़ में 12 बोर का 1 व 314 बोर का 1 देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस; अलीराजपुर में 12 बोर का 1 देसी कट्टा व कारतूस; छतरपुर में 315 बोर का 1 देसी कट्टा, 1 अवैध बंदूक व कारतूस; बुरहानपुर में हाथ से बनी 2 देसी पिस्टल और उज्जैन में 2 अवैध देसी पिस्टल जब्त की गई हैं। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय के अनुसार, अवैध हथियारों के निर्माण, भंडारण और आपराधिक गतिविधियों में उनके उपयोग के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।



