भोपाल में बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर, मध्य प्रदेश में तैयार होंगे रक्षा उपकरण और मिसाइलें: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनसंघ के प्रणेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के गरिमामय अवसर पर भोपाल के लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया। डॉ. मुखर्जी का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष हम सब मिलकर उनकी 125वीं जयंती मना रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार डॉ. मुखर्जी के ‘एक राष्ट्र, एक कानून’ के सिद्धांत पर चलते हुए इसी चालू माह में प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा-निर्देशन में भारत ने चौतरफा तरक्की कर दुनिया में अपना लोहा मनवाया है। डॉ. मुखर्जी के जनकल्याण के विचारों को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में आज से 15 दिनों के ‘जनकल्याण पखवाड़े’ की शुरुआत की जा रही है, ताकि समाज के अंतिम छोर पर बैठे जरूरतमंदों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सुनहरे भविष्य के लिए औद्योगिक ढांचा मजबूत कर रही है, जिससे व्यापक स्तर पर रोजगार सृजित हो रहे हैं।

डॉ. यादव ने दिल्ली के ‘भारत मंडपम’ का उदाहरण देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश भी बुनियादी ढांचे के विकास में नए कीर्तिमान रच रहा है। इसी कड़ी में आज सतगढ़ी में राज्य के सबसे बड़े कन्वेंशन सेंटर और एक स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का शिलान्यास किया जा रहा है। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास बन रहे 5,000 सीटर क्षमता वाले सेंटर के अलावा, सतगढ़ी का यह नया भव्य केंद्र 10,000 से अधिक लोगों की क्षमता वाला होगा। इन आधुनिक परियोजनाओं के दम पर भोपाल एक बेहद सशक्त और सर्वसुविधायुक्त राजधानी के रूप में उभर रहा है।

सुरक्षा के मोर्चे पर मध्य प्रदेश की नई भूमिका पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य अब रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिख रहा है। देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों की भूमि चंबल में अब सेना के अत्याधुनिक हथियार और सैन्य उपकरण बनाए जाएंगे। यहाँ बनने वाली मिसाइलें एक हजार किलोमीटर की दूरी तक शत्रु के ठिकानों को पूरी तरह ध्वस्त करने की ताकत रखेंगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल, विधायक रामेश्वर शर्मा और रवीन्द्र यति सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button