सीडब्ल्यूजी 2026: लवप्रीत सिंह ने 110+ किग्रा भारोत्तोलन में जीता सिल्वर मेडल, भारत की झोली में आया एक और पदक

राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने पुरुषों की 110+ किलोग्राम भार वर्ग प्रतियोगिता में गुरुवार देर रात (भारतीय समयानुसार) रजत पदक अपने नाम किया। लवप्रीत ने कुल 388 किग्रा भार उठाकर यह सफलता प्राप्त की, हालांकि वे स्वर्ण पदक से केवल एक किग्रा की दूरी पर रह गए।
स्वर्ण पदक पर न्यूजीलैंड के खिलाड़ी डेविड लिटी ने 389 किग्रा के कुल स्कोर के साथ कब्जा जमाया। इसके अलावा, इंग्लैंड के एंड्रयू ग्रिफिथ्स ने कुल 356 किग्रा वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के स्नैच चरण में लवप्रीत का दबदबा देखने को मिला, जहां वे 176 किग्रा भार उठाकर सबसे आगे रहे। उन्होंने 168 किग्रा से शुरुआत की और दूसरे प्रयास में 173 किग्रा भार उठाया। तीसरे प्रयास में 176 किग्रा का सफल लिफ्ट कर उन्होंने न्यूजीलैंड के डेविड लिटी के खिलाफ 10 किग्रा की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी।
इसके बाद क्लीन एंड जर्क चरण में लवप्रीत ने 205 किग्रा और 212 किग्रा की सफल लिफ्ट दर्ज की। हालांकि, 217 किग्रा के अपने अंतिम प्रयास में वे सफल नहीं हो सके। इसका फायदा उठाते हुए डेविड लिटी, जिन्होंने स्नैच में 166 किग्रा उठाया था, क्लीन एंड जर्क में 223 किग्रा का भार उठाकर कुल 389 किग्रा तक पहुंच गए और एक किग्रा के अंतर से गोल्ड मेडल जीत गए।
लवप्रीत सिंह का जन्म 6 सितंबर 1997 को पंजाब के अमृतसर स्थित बाल सचंदर गांव में हुआ था। उन्होंने 2010 में 13 साल की उम्र में इस खेल की शुरुआत की थी। स्थानीय खिलाड़ियों और कोचों के सहयोग से ट्रेनिंग करते हुए उन्होंने वित्तीय परेशानियों के बावजूद अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार किया।
आगे चलकर वर्ष 2017 में लवप्रीत पटियाला के स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के नेशनल कैंप से जुड़े। इससे पहले वे राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पंजाब का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। उन्होंने पहले 105 किग्रा वर्ग में जूनियर राष्ट्रमंडल और एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में मेडल जीते। आईडब्ल्यूएफ द्वारा नई भार श्रेणियां लागू किए जाने के बाद वे 109 किग्रा वर्ग में आए और 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में ब्रॉन्ज तथा 2022 कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीता। अब 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में सिल्वर मेडल जीतकर उन्होंने देश का मान बढ़ाया है।



