स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला जाने से पहले आवास पर गायों और मोरों को दाना खिलाते दिखे प्रधानमंत्री, वीडियो किया जारी

नई दिल्ली स्थित 7 लोक कल्याण मार्ग पर 15 अगस्त की सुबह बिताए गए पलों का एक वीडियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार दोपहर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जारी किया। इस वीडियो में प्रधानमंत्री अपने आवास पर मोरों और पुंगनूर नस्ल की गायों के साथ सहज अंदाज में नजर आ रहे हैं।
वीडियो फुटेज में प्रधानमंत्री लाल किले पर आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए प्रस्थान करने से पूर्व अपने आवास पर रखी गई छोटे आकार की देशी पुंगनूर गायों को सहलाते व चारा खिलाते और मोरों को दाना देते दिखाई दे रहे हैं।
अपनी पोस्ट में दिनचर्या का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि रोज सुबह अपने इन साथियों को भोजन कराना उनकी दिनचर्या में शामिल है। 15 अगस्त को इन बेजुबानों को संभवतः यह अंदाजा हो गया था कि वे जल्दी निकलने वाले हैं, इसलिए वे उनके निकलने से पहले ही उनसे मिलने आ पहुंचे। प्रधानमंत्री ने इस भेंट को अत्यंत खास बताया।
इससे पहले भी प्रधानमंत्री के सुबह की सैर और दैनिक कसरत के दौरान मोरों के साथ उपस्थिति के दृश्य सार्वजनिक पटल पर आ चुके हैं, जिन्हें लोगों द्वारा काफी देखा गया है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास में मौजूद पुंगनूर गायें आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले की एक दुर्लभ देशी नस्ल हैं। औसतन केवल 70 से 90 सेंटीमीटर की ऊंचाई वाली इस नस्ल को दुनिया के सबसे छोटे आकार वाले गोवंश में शुमार किया जाता है।



