बीना में नाबालिग को धमकाकर कराई गई लाखों की चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार; 40 तोला सोना व लग्जरी वाहन जब्त
मध्यप्रदेश के सागर जिला अंतर्गत बीना पुलिस ने नाबालिग पर दबाव बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिलवाने वाले सनसनीखेज प्रकरण का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 17 जून की इस घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 250 ग्राम सोने के आभूषण, दो कारें, बुलेट बाइक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित 54.37 लाख रुपये की संपत्ति बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी का परिवार नए आवास में शिफ्ट हो गया था और पुराने पैतृक घर में नकदी व जेवर रखे हुए थे। जून माह में जब पुराने मकान की जांच की गई, तो वहां से नकदी और आभूषण गायब मिले। फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर बीना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया।
एसपी अनुराग सुजानिया और एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में चली जांच में यह तथ्य उजागर हुआ कि आरोपी ने फरियादी के परिवार के नाबालिग को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया था। इसी दबाव के चलते नाबालिग ने घर में रखे करीब 13 लाख रुपये नकद और 40 तोला सोना आरोपी को दे दिया था।
आरोपी ने चोरी के सोने के जेवरात अपने मामा के पास छिपा दिए थे, जिसे पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। मामा के कब्जे से हार, मंगलसूत्र, कड़े, चेन, गिन्नी और अंगूठियों सहित लगभग 38 लाख रुपये के आभूषण जब्त किए गए हैं।
आरोपी ने नकदी की मदद से हुंडई व अर्टिगा कार, बुलेट, आईफोन सहित मोबाइल फोन, टीवी, एसी और फर्नीचर की खरीदारी की थी, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। वारदात में सहयोग करने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि चोरी की बाकी रकम और सामग्री के संबंध में विवेचना जारी है।



