मप्र में किसानों को दिन में भी मिलेगी सिंचाई बिजली, शून्य ब्याज कर्ज चुकाने की अवधि बढ़कर हुई एक साल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

श्योपुर कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव व किसान मेले के मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के कृषकों के हित में कई अहम घोषणाएं कीं। ग्वालियर विमानतल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को हर जरूरी सुविधा मुहैया करा रही है और इसी कड़ी में अब खेतों की सिंचाई के लिए दिन के समय भी बिजली आपूर्ति की जाएगी, जिससे किसानों को रात की परेशानी से मुक्ति मिल सकेगी। इसके साथ ही उन्होंने श्योपुर मंडी में किसानों की सुविधा के लिए 60 लाख रुपये से बनने वाले आधुनिक विश्राम गृह की सौगात दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस साल को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है। किसानों के वित्तीय सशक्तिकरण के तहत शून्य प्रतिशत ब्याज दर वाले ऋण की वापसी अवधि में बड़ा बदलाव किया गया है। अब तक खरीफ व रबी के लिए निर्धारित 6-6 माह की मियाद को समाप्त कर ऋण भुगतान की अवधि ऋण लेने की तिथि से सीधे एक वर्ष कर दी गई है। डॉ. यादव ने कृषि के साथ सहायक आय के तौर पर पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को तीव्र गति देने की आवश्यकता जताई और दुग्ध सहकारी समितियों के विस्तार का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि श्योपुर के किसान गेहूं और धान के भारी उत्पादन के साथ मोटे अनाजों की खेती में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बारहवीं बोर्ड में 75 फीसदी से ज्यादा अंक लाने वाले होनहार छात्र-छात्राओं की प्रशंसा करते हुए उल्लेख किया कि सरकार ने विगत दिवस ऐसे विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि अंतरित की है। अपने संबोधन में उन्होंने सामाजिक कुरीतियों और विवाहों में होने वाले बेजा खर्चों से बचने की सलाह दी और सामूहिक विवाह सम्मेलनों को बढ़ावा देने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने सभी को जन्माष्टमी की मंगलकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए ग्राम राडेप के किसान मुकुट चौधरी ने साझा किया कि पराली प्रबंधन के लिए उन्होंने सुपर सीडर यंत्र खरीदा था, जिस पर कृषि अभियांत्रिकी योजना के तहत उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। महोत्सव में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत खेती और बेहतर फसल चक्र के वैज्ञानिक तौर-तरीकों से अवगत कराया, जबकि उद्यानिकी, कृषि, पशुपालन, मत्स्य और एनआरएलएम द्वारा विभागीय योजनाओं के स्टॉल लगाए गए।

समारोह में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नौ प्रगतिशील किसानों—नरेंद्र चौधरी, भरत जाट, शिशुपाल मीणा, सोनू शर्मा, बनवारी मीणा, भुवनेश मीणा, पूरण प्रजापति, गोविंद पटेलिया व मान सिंह पटेलिया को शॉल-श्रीफल और प्रशस्ति पत्र से नवाजा गया। इसके अतिरिक्त अंकुश मेहर, भूमिका माहौर, आशा गुर्जर, अनमोल मीणा, अभय गुर्जर, पूनम जाट, वैष्णवी जाट, दीनबंधु मीणा, करण मीणा और मयंक शर्मा को 12वीं में बेहतरीन अंक लाने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

ग्वालियर में मुख्यमंत्री के साथ प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत और अपेक्स बैंक अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव उपस्थित रहे। वहीं श्योपुर कार्यक्रम स्थल पर सहरिया विकास प्राधिकरण अध्यक्ष गुड्डी बाई, विधायक बाबू जंडेल, पालिका अध्यक्ष रेणु सुजीत गर्ग, पूर्व विधायक बृजराज सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य गिरधारी बैरवा, सांसद प्रतिनिधि सुजीत गर्ग, कलेक्टर शीला दाहिमा और पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्रीय किसान मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button