वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ के कपाट, दर्शन का बना नया रिकॉर्ड

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस साल यात्रा सीजन में 19.20 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दरबार में हाजिरी लगाई।
बुधवार तड़के 4 बजे से ही प्रशासनिक अधिकारियों, बीकेटीसी प्रतिनिधियों, तीर्थ पुरोहितों और केदार सभा के सदस्यों की उपस्थिति में कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हो गई थी। इसके बाद सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक पूजा और सेना के बैंड की धुनों के साथ कपाट बंद कर दिए गए। इस दौरान परिसर में मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के अंतिम दर्शन किए।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को भक्तों के लिए खोले गए थे। उन्होंने पुष्टि की कि बुधवार को शीतकाल के लिए कपाट बंद होने तक 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालु धाम में दर्शन कर चुके हैं।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट बंद होने के क्षण को भावुक बताते हुए कहा कि पुरानी परंपरा के तहत यहां छह महीने नर और छह महीने नारायण की पूजा होती है। उन्होंने इसे एक नया कीर्तिमान बताते हुए कहा कि देश और दुनिया के 19.5 लाख श्रद्धालुओं ने इस वर्ष बाबा केदार के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सफल यात्रा आयोजन के लिए उन्होंने केदार सभा, तीर्थ पुरोहितों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिसकर्मियों और जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।
कपाट बंद होने के साथ ही अब यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। इसके अंतर्गत बाबा केदार की उत्सव डोली को उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर ले जाया जाएगा, जो उनका शीतकालीन प्रवास स्थल है। पूरी सर्दियों में यहीं भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना की जाएगी। बीकेटीसी अध्यक्ष ने इस वर्ष धाम न पहुंच पाने वाले श्रद्धालुओं से उखीमठ में दर्शन करने की अपील की है। अगले साल अक्षय तृतीया के आसपास धाम के कपाट दोबारा खुलने की उम्मीद है।



