जनजातीय गौरव दिवस और झारखंड स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को नमन करते हुए झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य के नागरिक अपनी मेहनत से प्रदेश को तरक्की और खुशहाली के नए शिखर पर ले जाएंगे।
हर वर्ष 15 नवंबर को झारखंड अपना स्थापना दिवस मनाता है। वर्ष 2000 में इसी तारीख को ‘बिहार पुनर्गठन अधिनियम’ के अंतर्गत दक्षिणी बिहार को अलग कर देश के 28वें राज्य के रूप में झारखंड का गठन किया गया था। संयोग से इसी दिन बिरसा मुंडा की जन्मतिथि भी पड़ती है, जिसे देश भर में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में राष्ट्रपति मुर्मु ने ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह दिन हमारी समृद्ध आदिवासी विरासत और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कामना की कि सभी नागरिक अपनी इस अनमोल विरासत को सहेजते हुए समावेशी विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ें।
झारखंड के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रपति ने अपने एक अन्य पोस्ट में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा और सिद्धो-कान्हू जैसे महानायकों की यह धरती अपनी अनूठी आदिवासी संस्कृति, लोक-परंपराओं तथा प्राकृतिक और खनिज संसाधनों के लिए जानी जाती है। उन्होंने प्रदेश के प्रतिभाशाली और मेहनती निवासियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अपने साहस और नेतृत्व से आदिवासी समाज में नई चेतना जगाई। उनके नेतृत्व में हुआ ‘उलगुलान’ आंदोलन केवल अंग्रेजी शासन के खिलाफ विरोध नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकार, सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा का एक बड़ा संकल्प था। बिड़ला ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंधविश्वास और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाते हुए समाज को एकता और आत्मनिर्भरता की राह दिखाई, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
झारखंड स्थापना दिवस की बधाई देते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता, भरपूर खनिज संपदा और समृद्ध वन क्षेत्र वाला यह राज्य अपनी जीवंत परंपराओं और मेहनतकश लोगों के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कामना की कि झारखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करे और राज्य के हर वर्ग की भागीदारी के साथ प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि आए।



